EducationHealthCovid-19Job Alert
Uttarakhand | Tehri GarhwalRudraprayagPithoragarhPauri GarhwalHaridwarChampawatChamoliUdham Singh NagarUttarkashi
AccidentCrimeUttar PradeshHome

प्रदेश सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित: धामी

09:35 PM Feb 10, 2024 IST | CNE DESK
Advertisement

✒️ अल्मोड़ा के हवालबाग में आजीविका महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री
✒️ भारी जनसैलाब उमड़ा, उद्यमियों से संवाद, कई कार्यक्रम
✒️ कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अल्मोड़ा के हवालबाग में आयोजित आजीविका महोत्सव में पहुंचे। 'दीदी भुली हाथ लगाल, उत्तराखंडक हौल अमृत काल' की थीम के साथ आयोजित इस महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित है। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में यह भी कहा कि प्रदेश की आबोहवा को बिगाड़ने और कानून को अपने हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

Advertisement

आजीविका महोत्सव में अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लगातार महिलाओं के कल्याण के लिए कई कार्यक्रम संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यूसीसी (समान नागरिक संहिता) को पारित कर वायदे को पूरा किया है और देश में उत्तराखंड से यूसीसी की शुरूआत हुई है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता को देश एवं महिलाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यूसीसी किसी जाति, धर्म व समुदाय के लिए नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश की जनता के हितों के लिए है। सीएम धामी ने यह भी कहा कि गोलज्यू देवता की पावन धरती अल्मोड़ा में आकर और जनता व मातृशक्ति का भारी आशीर्वाद पाकर वे अभिभूत हुए हैं। उन्होंने कार्यक्रम में हजारों की तादाद में पहुंचे लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि यही जन सैलाब हमारे संकल्प में ऊर्जा भरने का काम करता है।

Advertisement

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अल्मोड़ा में विकास का नया आयाम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका विकास, सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास के मंत्र पर हमारी सरकार अग्रसर है। महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को चेक वितरित किए। वहीं उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए 111 करोड़ रुपए के ऋण चेक महिलाओं को वितरित किए। इससे पहले महोत्सव में पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी एवं अन्य अतिथियों ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवी शक्ति स्वरूप कन्या पूजन किया तथा आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश के सुख—समृद्धि की कामना की।

Advertisement

महोत्सव में संबोधन से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रूलर बिजनेस इन्क्यूवेटर में 21 महिला उद्यमियों से सीधे संवाद किया और उद्यम से जुड़ी जानकारियों प्राप्त की। इस अवसर पर प्रबन्धक आरबी आई योगेश भट्ट ने बताया कि जनपद अल्मोड़ा का 5 हजार लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित था और यह लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। इस पर सीएम ने जिला प्रशासन की टीम को बधाई की। अच्छी प्रगति के लिए सीएम ने सभी सफल उद्यमी महिलाओं को बधाई दी और आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिल्पकार गैलरी पहुंच कर अपने हाथों से शिल बट्टे में पहाड़ी नूण पिसा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओ के लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में अपने संक्षिप्त संबोधन में सांसद अजय टम्टा ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के दौर में नई—नई उपलब्धियां प्रदेश हासिल कर रहा है। इस दौरान भाजपा के अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, रानीखेत की जिलाध्यक्षा लीला बिष्ट, विधायक मोहन सिंह मेहरा, महेश जीना, सुरेश गड़िया, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, महिला आयोग उत्तराखंड की उपाध्यक्ष ज्योति शाह मिश्रा, अनिल शाही समेत भाजपा के कई नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी विनीत तोमर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया, उप जिलाधिकारी सदर जयवर्धन सिंह, द्वाराहाट सुनील राज समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदेश में हिंसा व अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी

हल्द्वानी के प्रकरण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ व सख्त लहजे में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आबोहवा खराब नहीं होने दी जाएगी और देवभूमि की छवि खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही चलती रहेगी। सीएम बोले कि पिछले दिनों हल्द्वानी में कानून अपने हाथ में लेकर दंगा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और दंगाईयों को चिह्नित कर उनसे सरकारी सम्पत्ति को पहुंचाई गई क्षति का पाई—पाई का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी हिंसा व अराजक तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के एक सवाल पर कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तराखंड की पांचों सीटें जीतेगी और जीत का अंतर पहले से ज्यादा होगा।
202 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास

महोत्सव स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुल 20213.60 लाख रुपये की योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। जिनमें 11702.67 लाख रुपये की योजनाओं का लोकार्पण एवं 8510.93 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कीं ये घोषणाएं

मुख्यमंत्री की घोषणाओं में भतरोंजखान में स्टेडियम का निर्माण, विकासखण्ड लगमड़ा के सर्वोदय इण्टर कालेज में 04 कक्षों का निर्माण कार्य, तिलोरा में सिंचाई पम्पिंग योजना, विकासखण्ड हवालबाग के समीप मिनी स्टेडियम, सल्ट के गुलमरा-गैरखेत मोटरमार्ग का डामरीकरण एवं विकासखण्ड द्वाराहाट के ग्रामसभा सकुनी में शुक्रेश्वर महादेव मन्दिर जीर्णोद्वार शामिल है।

Related News