For the best experience, open
https://m.creativenewsexpress.com
on your mobile browser.

केदारनाथ उपचुनाव - भाजपा की आशा नौटियाल ने लहराया जीत का परचम

03:19 AM Nov 23, 2024 IST | CNE DESK
केदारनाथ उपचुनाव   भाजपा की आशा नौटियाल ने लहराया जीत का परचम
Advertisement

देहरादून | उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का शनिवार को परिणाम घोषित हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी आशा नौटियाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के मनोज रावत को कुल 5622 मतों से शिकस्त दी। भाजपा ने इस सीट पर लगातार दूसरी बार अपना परचम फहराया है। साथ ही, लगातार दूसरी बार यहां से महिला प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।

भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल को कुल 23814 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि मनोज रावत को कुल 18192 वोट प्राप्त हुए। इस बार 834 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी त्रिभुवन सिंह को 9311, उत्तराखंड क्रांति दल के आशुतोष भंडारी को 1314, निर्दलीय आरपी सिंह ने 493 और पीपीआई (डी) के प्रदीप रोशन ने कुल 483 मत प्राप्त किए हैं। उल्लेखनीय है कि केदारनाथ से पूर्व में विधायक भाजपा की शैला रानी रावत के असामयिक निधन से यह सीट रिक्त होने पर यहां बीते 20 नवंबर को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था।

केदारनाथ सीट पर मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू हुई थी। इस सीट पर छह प्रत्‍याशी मैदान में थे, लेकिन कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही थी। बता दें कि गत 20 नवम्बर को केदारनाथ विस के लिए उप चुनाव संपन्न हुए थे। निर्वाचन में कुल 58.89 प्रतिशत मतदान हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले...

केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली शानदार विजय पर समस्त केदारनाथवासियों और भाजपा परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत समस्त कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अथक परिश्रम और जनता जनार्दन का भाजपा की नीतियों पर अपार विश्वास का प्रतीक है। इस अभूतपूर्व सफलता के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi जी का आभार व्यक्त करता हूं जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से भाजपा प्रदेश में विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए निरंतर कार्यरत है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नवनिर्वाचित विधायक श्रीमती Asha Nautiyal जी के प्रतिनिधित्व में हम सभी शैला दीदी के सपनों व आप सभी क्षेत्रवासियों की उम्मीदों के अनुरूप सशक्त और समृद्ध केदारनाथ विधानसभा के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेंगे। यह जीत विपक्ष की झूठी राजनीति और भ्रामक प्रचार के खिलाफ जनता के विवेक और सत्य की विजय भी है।

Advertisement


Advertisement